सोजत | 10वीं की छात्रा 2 दिन से लापता थी, कुएं में शव मिला
10वीं की छात्रा 2 दिन से लापता थी, कुएं में शव मिला
सिरियारी कस्बे के समीप बेरा रजगा अरहट के पास मंगलवार सवेरे एक किशोरी का शव कुएं में मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मृतका 10 वीं कक्षा की छात्रा थी। वह दो दिन से अपने घर से लापता था। सुबह शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। मृतका के परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। इससे काफी देर तक गांव में माहौल गर्माया रहा। मामले की जानकारी के बाद पहुंचे पुलिस दल ने काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को शांत किया। शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार बेरा रजगा पर रहने वाली एक किशोरी दो दिन से अपने घर से अचानक गायब हो गई थी। उसे तलाश करने के लिए परिजन अपने स्तर पर काफी प्रयास कर रहे थे। परिजनों ने आसपास के गांवों में रिश्तेदारों के यहां पर भी उसके बारे में पता किया था, मगर उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही थी। इस आशय की गुमशुदगी भी परिजनों ने सिरियारी थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस ने भी अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। इस बीच पता चला कि गांव के समीप ही आबाद एक कृषि कुएं में किशोरी का शव तैर रहा है। सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
मामले की जानकारी क बाद थाना प्रभारी मनोहर विश्नोई पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे।
मारवाड़ जंक्शन. कुएं से नाबालिग का शव निकालते हुए।
शव देखने के बाद माहौल गर्माया पिता का आराेप था कि कुछ लोगों ने उसकी पुत्री के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को कुएं में लाकर पटका गया है। काफी देर तक पुलिस ने परिजनों समेत ग्रामीणों को समझाइश का प्रयास भी किया। मृतका के पिता ने शक जाहिर किया कि तुलसाराम पुत्र अमराराम माली और उनके चार भाई ने संभवत: घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने इस रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू कर दी है। जांच सोजत सीओ को सौंपी है।