मां से मिलाने के बहाने मंदबुद्धि की किशोरी से दुष्कर्म, आरोपी की तलाश
मारवाड़ जंक्शन कस्बे में शनिवार सुबह मंदबुद्धि की किशोरी को घर पर अकेला देख आरोपी जगदीश रेगर उसकी मां से मिलाने के झांसे में लेकर झाड़ियों में ले गया और उससे दुष्कर्म किया। आरोपी मकान निर्माण पर मजदूरी करता है, जिसके साथ पीडि़ता की माता भी काम करती है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार मारवाड़ जंक्शन के कसाई मोहल्ला निवासी 30 वर्षीय आरोपी जगदीश रेगर पुत्र मूलाराम मकान निर्माण पर मजदूरी करता है। उसके साथ ही एक महिला भी काम करती है। शनिवार सुबह करीब 9 बजे महिला काम करने पहुंची तो आरोपी जगदीश शौच करने के बहाने से वहां से निकला। आरोपी अपने साथी मजदूर महिला के घर पहुंचा, जिसकी 14 साल की पुत्री घर पर अकेली थी। वह मंदबुद्धि की है, जबकि उसका छोटा भाई स्कूल गया हुआ था। आरोपी घर पर अकेली किशोरी को उसकी माता से मिलाने के बहाने घर के पास झाड़ियों में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीडि़ता को झाड़ियों में रोता हुआ देख उसकी मौसी घर ले गई तो उसने घटनाक्रम बताया। पुलिस ने अपहरण व पोक्सो एक्ट में केस दर्ज कर जांच सीओ सोजत को सौंपी है।