GST से 48 घंटे पहले 1 लाख कंपनियों पर सर्जिकल स्ट्राइक, 3 लाख रडार पर

GST से 48 घंटे पहले 1 लाख कंपनियों पर सर्जिकल स्ट्राइक, 3 लाख रडार पर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) के कार्यक्रम के दौरान भ्रष्टाचार और कालेधन के खिलाफ कार्रवाई को लेकर अपनी सरकार की जमकर पीठ थपथपाई. उन्होंने कहा कि 30 जून की आधी रात को मीडिया और व्यापार जगत के लोगों का ध्यान जीएसटी पर था, लेकिन उससे 48 घंटे पहले सरकार ने एक लाख फर्जी कंपनियों पर ताला लगा दिया. महज एक कलम चलाकर ऐसे फर्जी कंपनियों का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया गया.

जीएसटी लागू होने के बाद पीएम मोदी का यह पहला सार्वजनिक भाषण था. पीएम मोदी ने कहा कि अभी तक 37 हजार शेल कंपनियों की पहचान भी कर ली गई है, जो पैसा इधर से उधर करती हैं. इसके अलावा तीन लाख कंपनियां संदेह के घेरे में हैं. गैर कानूनी काम करने वाली कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई हो रही है और आने वाले दिनों में सरकार इनके खिलाफ और कड़ी कार्रवाई करेगी. उन्होंने कहा कि इन कंपनियों को गैर कानूनी काम करने में कई सीए ने मदद की होगी, लेकिन पिछले 11 साल में सिर्फ 25 सीए के खिलाफ कार्रवाई की गई.

प्रधानमंत्री ने कहा कि गैर कानूनी लेनदेन करने वाले लोगों की पहचान करनी होगी. देश में करोड़ों की संख्या में डॉक्टर, इंजीनियर और मैनेजर हैं. साल में दो करोड़ से ज्यादा लोग विदेशी दौरे पर जाते हैं. हर साल करोड़ों की संख्या में गाड़ियां खरीदी जाती हैं, लेकिन सिर्फ 32 लाख लोग ही अपनी कमाई 10 लाख रुपये से ज्यादा बताते हैं, जो हकीकत नहीं है. अगर देश के लोग चोरी करने लगें, तो विकास रुक जाता है. मोदी ने कहा कि भारतीयों द्वारा विदेशों में जमा धनराशि अब तक के रिकॉर्ड में सबसे नीचे स्तर पर पहुंच गई है.

एनडीए सरकार के आने के बाद स्विस बैंकों में जमा भारतीयों के कालेधन में 45 फीसदी की कमी आई है, जबकि साल 2013 में विदेशों में जमा कालेधन में 42 फीसदी इजाफा हुआ था. यह कालेधन के खिलाफ सरकार की कार्रवाई का नतीजा है. मोदी ने कहा कि GST भारत के अर्थव्यवस्था में एक नई राह की शुरुआत है. चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को देश की संसद ने पवित्र अधिकार दिया है. जीएसटी आर्थिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी है. सीए अर्थजगत के बड़े स्तंभ है, जिन पर देश की आर्थिक जिम्मेदारी होती है. शास्त्रों में चार पुरुषार्थ बताए गए हैं, जिसमें अर्थ, धर्म, काम और मोक्ष शामिल हैं. चार्टर्ड अकाउंटेंड अर्थजगत के ऋषि-मुनि हैं, जो इस अर्थ के क्षेत्र में लोगों को मार्ग दिखाते हैं.

post a comment